कांकेर में बड़ी कामयाबी, 8 लाख की इनामी मासे बारसा ने AK-47 के साथ पुलिस के सामने डाले हथियार

कांकेर। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले में सक्रिय DVCM स्तर की महिला नक्सली मासे बारसा ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। महिला नक्सली ने AK-47 राइफल के साथ कांकेर पुलिस अधीक्षक के सामने सरेंडर किया।
जानकारी के अनुसार, मासे बारसा दण्डकारण्य, अबूझमाड़ और उत्तर बस्तर क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थी। उस पर शासन द्वारा 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मासे बारसा नक्सली संगठन में डिवीजनल कमेटी मेंबर (DVCM) के पद पर कार्यरत थी और कई गंभीर नक्सली गतिविधियों में उसकी संलिप्तता बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगातार चल रहे दबाव, प्रभावी नक्सल विरोधी रणनीति और शासन की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति के चलते महिला नक्सली ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। आत्मसमर्पण के दौरान उसके पास से AK-47 हथियार भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस सरेंडर से नक्सली संगठन को मनोवैज्ञानिक झटका लगा है। लगातार हो रहे सरेंडर और मुठभेड़ों से नक्सली नेटवर्क कमजोर पड़ रहा है, खासकर उत्तर बस्तर, अबूझमाड़ और दण्डकारण्य क्षेत्र में। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति स्थापना और विकास कार्यों को गति देने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।




