
रायपुर। ऑपरेशन निश्चय के तहत रायपुर पुलिस की नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के दौरान टिकरापारा थाना क्षेत्र में 5 नवंबर 2025 को पुलिस ने गांजा बेचते हुए युवती सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 24.014 किलो गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत करीब 2.30 लाख रुपए आंकी गई थी। पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े फरार हिस्ट्रीशीटर उदय जैन का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस की टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से उसकी लोकेशन ओडिसा में ट्रेस की और वहां से उदय जैन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके पास से 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और सप्लायर्स व नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ जारी है। उदय जैन रायपुर के खमतराई का कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट, मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं के दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ जिला बदर और एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम) की कार्रवाई भी की जा चुकी है।




