बिरनपुर हत्याकांड: 17 आरोपी दोषमुक्त, जिला न्यायालय ने सुनाया फैसला, पिता–पुत्र की हुई थी हत्या

बेमेतरा। बहुचर्चित बेमेतरा–बिरनपुर हत्याकांड मामले में जिला न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए 17 आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। यह फैसला जिला कोर्ट के न्यायाधीश द्वारा सुनाया गया।
उल्लेखनीय है कि इस घटना में मुस्लिम समुदाय के पिता–पुत्र, रहीम और ईदुल मोहम्मद की हत्या कर दी गई थी। यह वारदात उस समय हुई थी, जब इसके दो दिन पहले वर्तमान विधायक ईश्वर साहू के पुत्र की हत्या ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया था।
बिरनपुर गांव में हुई इस दोहरी हत्या ने राज्यभर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल पैदा कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई लोगों को आरोपी बनाते हुए चार्जशीट पेश की थी। लंबे समय तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर यह निर्णय सुनाया।
जिला न्यायालय ने अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों की समीक्षा के बाद सभी 17 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त कर दिया। फैसले के बाद पीड़ित पक्ष और क्षेत्र में अलग–अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।यह फैसला बेमेतरा–बिरनपुर हत्याकांड में न्यायिक प्रक्रिया का एक अहम मोड़ माना जा रहा है।




