सादगी से हुआ BJP प्रभारी स्मृति ईरानी का स्वागत, कुछ देर में शुरू होगा संगठन की बैठकों का दौर

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव बोले- स्मृति ईरानी को सादगी पसंद, अच्छी शुरुआत की सभी कर रहे सराहना
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे की शुरुआत सादगीपूर्ण स्वागत के साथ हुई। सीएम साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत सभी नेताओं ने सादगी के साथ उनका स्वागत किया, उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी मौजूद हैं। दौरे के पहले दिन संगठन की समीक्षा और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर बैठकों का दौर जारी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने स्मृति ईरानी के स्वागत के तरीके पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश प्रभारी को सादगी पसंद है। उन्होंने कहा, “बहुत अच्छी शुरुआत की है, सभी सराहना कर रहे हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि सादगी का यह संदेश निचले स्तर तक जाएगा।


आज इन अहम बैठकों में होंगी शामिल
स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर विशेष फोकस रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दिनभर अलग-अलग स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठकें होंगी।
- सुबह 11:00 से 11:30 बजे: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी।
- सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे: प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक।
- दोपहर 12:30 से 1:30 बजे: भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीति पर चर्चा।
- दोपहर 1:30 से 2:30 बजे: संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक।
- शाम 3:30 से 5:00 बजे: पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ अहम बैठक।
- शाम 5:30 से 7:00 बजे: भाजपा के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद।
- शाम 7:00 से रात 8:30 बजे: भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक।
संगठन की मजबूती पर रहेगा जोर
दौरे के पहले दिन की बैठकों में संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा, पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा केंद्र में रहेगी। प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के नेताओं के साथ संवाद के जरिए संगठन की गतिविधियों का आकलन किया जाएगा। स्मृति ईरानी का यह दौरा छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




