बीजेपी प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन बोले – कांग्रेस में सिर फुटव्वल की स्थिति,बिहार की जीत को बताया कार्यकर्ताओं की जीत

रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर पहुंचे। विमानतल पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप सहित बड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।मीडिया से चर्चा के दौरान नितिन नबीन ने छत्तीसगढ़ भाषा दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। साथ ही बिहार की जीत के लिए छत्तीसगढ़ के सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा इस जीत का श्रेय भाजपा के कार्यकर्ताओं को जाता है। छत्तीसगढ़ से जुड़े सभी साथियों और कार्यकर्ताओं को बिहार की जीत में योगदान के लिए धन्यवाद।
डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस पर बोले नितिन नबीन
राजधानी में आयोजित हो रही डीजीपी–आईजी कॉन्फ्रेंस को लेकर भाजपा प्रभारी ने कहा छत्तीसगढ़ इतनी बड़ी राष्ट्रीय बैठक को सफलतापूर्वक होस्ट कर रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस सोच के साथ छत्तीसगढ़ बनाया था, उसके विकास को अब पीएम मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। हमने पहले ही कहा है— हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे, और हम संवारने का काम कर रहे हैं।
जिला अध्यक्षों की सूची पर जवाब
जिला अध्यक्षों की सूची को लेकर पूछे गए सवाल पर नितिन नबीन ने कहा —“बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।”उन्होंने बताया कि जल्द ही संगठनात्मक मोर्चे पर बड़े निर्णय लिए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के मुद्दे पर नितिन नबीन ने कहा केंद्रीय गृहमंत्री और प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प स्पष्ट है। नक्सलवाद रहित भारत और नक्सलवाद रहित छत्तीसगढ़। राज्य सरकार भी इसी दिशा में काम कर रही है। छत्तीसगढ़ अपने स्वभाव और सामर्थ्य के अनुरूप विकसित हो यही लक्ष्य हम सभी का है।
कांग्रेस पर तीखा हमला – ‘सिर फुटव्वल की स्थिति’
कांग्रेस में जारी वर्चस्व और नेतृत्व विवाद पर प्रतिक्रिय देते हुए नितिन नबीन ने कहा जिस पार्टी का नेतृत्व मजबूत न हो, जहां नेतृत्व ही न के बराबर हो, वहां सिर-फुटव्वल की स्थिति बनना तय है। कर्नाटक में राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री को बौना दिखाने की कोशिश की। यही खेल छत्तीसगढ़ में भी चल रहा है, यहां भी एक-दो लोग ऐसी राजनीति कर रहे हैं।


