Breaking News: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, आंदोलन के दौरान हटाए गए 25 कर्मियों को मिली बड़ी राहत

रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत आंदोलन के दौरान बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। विभाग ने आदेश जारी करते हुए 25 कर्मचारियों की बहाली कर दी है। जारी आदेश के अनुसार बहाल किए गए कर्मचारियों में कर्मचारी संगठन से जुड़े पदाधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें आंदोलन के समय अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत सेवा से हटा दिया गया था।
NHM कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा था। इस दौरान विभागीय कार्रवाई के तहत कुछ कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया था, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था पर भी असर पड़ा। कर्मचारियों और उनके संगठनों द्वारा लगातार बहाली की मांग की जा रही थी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन विभाग द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से पुनः सेवा में लिया जाएगा। बहाली के आदेश के बाद सभी कर्मचारियों को अपने-अपने पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारी संगठनों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के हित में लिया गया सकारात्मक कदम है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि आंदोलन के दौरान की गई कार्रवाई को लेकर लगातार संवाद और प्रयास किए जा रहे थे, जिसका अब सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में कर्मचारियों की समस्याओं को संवाद के माध्यम से सुलझाया जाएगा।
बहाली के इस फैसले से NHM से जुड़े कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आने की भी संभावना जताई जा रही है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की बहाली से कामकाज में स्थिरता आएगी और मिशन की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित होंगी।फिलहाल NHM विभाग के इस आदेश को आंदोलनरत कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत और संगठनात्मक संघर्ष की अहम सफलता के रूप में देखा जा रहा है।




