
रायपुर। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत एनडीए के ऐतिहासिक प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पूरा मंत्रिमंडल उत्साह में डूबा हुआ है। अहम कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री साय ने सभी मंत्रियों को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की और बिहार के रुझानों पर एनडीए को बधाई दी।दोपहर 1:30 बजे तक मिले रुझानों के मुताबिक बिहार में एनडीए 201 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन सिर्फ 36 सीटों पर संघर्ष करता दिख रहा है। इसमें राजद 27, कांग्रेस 4 और अन्य दल 5 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
एनडीए की यह बढ़त भाजपा खेमे के लिए बड़ी सियासी जीत मानी जा रही है, जिसे लेकर छत्तीसगढ़ में भी उत्साह का माहौल नजर आया।
BJP दफ्तर में जमकर डांस

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक बढ़त के बाद रायपुर में भाजपा कार्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। पूरे कार्यालय में ढोल-नगाड़ों की गूंज और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी, उज्ज्वल दीपक, रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री अमित मेशरी, गुंजन प्रजापति सहित बड़ी संख्या में महिला नेत्रियां और कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचे। सभी नेताओं ने खुशी में जोरदार डांस किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई।




