कोरबा: NTPC से खुलेआम सेनोस्फीयर की तस्करी, ठेकेदार -अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप

कोरबा। जिले में स्थित NTPC Limited के संयंत्र से सेनोस्फीयर की कथित तस्करी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठेका मिलने का दावा करने वाले जय सोनी द्वारा बिना वैध वर्क ऑर्डर के ही सेनोस्फीयर की निकासी करवाई जा रही है, जिससे एनटीपीसी को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जय सोनी खुलेआम सेनोस्फीयर की चोरी करवा रहा है और इस पूरे मामले में एनटीपीसी के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत होने की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि ठेका मिलने का हवाला देकर सेनोस्फीयर का उठाव किया जा रहा है, जबकि आधिकारिक रूप से इसके लिए आवश्यक वर्क ऑर्डर जारी नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, बिना वर्क ऑर्डर के काम किए जाने से सरकारी कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि कुछ अधिकारी और ठेकेदार मिलकर इस पूरे खेल को अंजाम दे रहे हैं।
वहीं, जय सोनी का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। उस पर रेत चोरी सहित सेनोस्फीयर की चोरी के मामले पहले भी दर्ज होने की बात सामने आई है।
इस मामले के सामने आने के बाद एनटीपीसी प्रबंधन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





