छत्तीसगढ़अपराध

CG Marriage Fraud Case: B.Tech, 48 लाख का पैकेज और 200 एकड़ जमीन… शादी की रात खुली दावों की पोल, बिलासपुर में FIR

बिलासपुर। शादी से पहले बड़े-बड़े दावे, हाई-प्रोफाइल नौकरी और करोड़ों की संपत्ति का भरोसा… इन बातों पर भरोसा कर एक युवती और परिजनों ने शादी के लिए हामी भर दी। लेकिन शादी की रात ही कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि एक-एक कर सारे दावों पर सवाल खड़े हो गए।

मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर युवक हर्षदीप राम जाड़ी, उसके पिता लोधन राम जाड़ी और मां राजो जाड़ी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

B.Tech से 48 लाख के पैकेज तक… बायोडाटा में बड़े दावे

पुलिस के मुताबिक, जशपुर निवासी 30 वर्षीय युवती वर्ष 2022 से बिलासपुर में रहकर गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं। हर्षदीप और युवती पहले हाईस्कूल में साथ पढ़ चुके थे। वर्ष 2022 में दोबारा मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।

मई 2024 में हर्षदीप ने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद 8 जनवरी 2025 को कोनी स्थित आरजे प्वाइंट कैफे में मुलाकात के दौरान उसने युवती को अपना बायोडाटा दिया।शिकायत के मुताबिक, बायोडाटा में दावा किया गया था कि हर्षदीप ने BITS Pilani से B.Tech किया है और जयपुर की एक बड़ी कंपनी में डेटा एनालिस्ट मैनेजर है। उसकी सालाना सैलरी 48 लाख रुपये बताई गई।

यही नहीं, परिवार के पास 150 से 200 एकड़ जमीन और पिता के कारोबार का सालाना टर्नओवर 88 लाख रुपये बताया गया था।इन दावों पर भरोसा कर युवती और उसके परिवार ने शादी के लिए सहमति दे दी।

शादी से पहले भी खातों में पहुंचते रहे पैसे

12 मार्च 2026 को बिलासपुर के होटल पेट्रीशियन में शादी हुई। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि शादी से पहले अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर पैसे लिए गए। फरवरी और मार्च के दौरान हर्षदीप और उसकी मां के खातों में कुल 4.96 लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने का आरोप है। इसके अलावा हर्षदीप के खाते में 60 हजार रुपये भेजे गए। यानी शादी से पहले ही युवती के परिवार से लाखों रुपये के लेन-देन की बात शिकायत में सामने आई है।

शादी की रात ही खुलने लगी ‘48 लाख’ वाली कहानी

शादी की रात जब टेंट और कैटरिंग का काम शुरू नहीं हुआ तो परिवार को शक हुआ। पूछताछ में कथित तौर पर पता चला कि संबंधित लोगों को सिर्फ 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।इसके बाद युवती के पिता ने कैटरर को 90 हजार रुपये और मामा ने टेंट संचालक को 90 हजार रुपये का भुगतान किया।

अगले दिन होटल से निकलते समय भुगतान को लेकर होटल संचालक ने हर्षदीप की कार रोक ली। इसके बाद हर्षदीप और उसके पिता के मोबाइल फोन बंद हो गए।

न B.Tech की डिग्री मिली, न 48 लाख की नौकरी!

यहीं से युवती के परिवार का शक और गहरा गया। शिकायत के अनुसार, पूछताछ में हर्षदीप ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने BITS Pilani में पढ़ाई नहीं की और उसके पास बताई गई नौकरी भी नहीं है। उसने बताया कि वह अपने पिता के साथ इमू ऑयल का कारोबार करता है।

शादी में मिले जेवर भी नकली होने का आरोप:मामला यहीं नहीं रुका। युवती की शिकायत के मुताबिक, शादी में मिले जेवर की जांच कराई गई तो उनके भी नकली होने की बात सामने आई।पूरे मामले की शिकायत पहले जशपुर पुलिस से की गई थी। वहां शून्य पर रिपोर्ट दर्ज कर केस डायरी बिलासपुर पुलिस को भेजी गई। इसके बाद बिलासपुर पुलिस ने युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

अब पुलिस खंगाल रही पूरी ‘शादी की कहानी’

पुलिस अब बायोडाटा में किए गए शैक्षणिक और नौकरी संबंधी दावों, जमीन और कारोबार से जुड़ी जानकारी, पैसों के लेन-देन, शादी के खर्च और जेवर से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।बिलासपुर ASP पंकज पटेल के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से जशपुर का रहने वाला है और वर्तमान में बिलासपुर के स्वर्णिमा एरा टाउनशिप में रह रहा है। मामले में बेटे और उसके माता-पिता को आरोपी बनाया गया है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search