
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक प्रारंभ हो गई है। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित कई पदाधिकारी मौजूद हैं।
बैठक में आगामी कार्ययोजना और संगठनात्मक रणनीति को लेकर मंथन किया जा रहा है। आज से शुरू हुई भाजपा की यह दो दिवसीय बैठक कई अहम राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर केंद्रित रहेगी।
इस बैठक के बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे। वहीं कल भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक कार्यसमिति की बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा, जबकि नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया जाएगा।दोनों बैठकों में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की जाएगी।



