पश्चिम एशिया संकट पर छत्तीसगढ़ अलर्ट: CM साय आज लेंगे हाईलेवल समीक्षा बैठक

LPG, पेट्रोल-डीजल, खाद की उपलब्धता और कानून-व्यवस्था पर रहेगा खास फोकस
रायपुर। पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालात के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज 28 मार्च को सुबह 11:00 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी संभागीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, रायपुर पुलिस आयुक्त, सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।
यह बैठक मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और विशेष रूप से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को देखते हुए बुलाई गई है, ताकि राज्य में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
LPG, पेट्रोल-डीजल और खाद की सप्लाई पर होगी विस्तृत समीक्षा: बैठक में रसोई गैस (LPG), पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण और वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग और उनकी संभावनाओं पर भी चर्चा होगी, ताकि राज्य की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अफवाहों और कालाबाजारी पर सख्त नजर
मुख्यमंत्री श्री साय बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने, जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने की किसी भी कोशिश पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वरिष्ठ विभागीय अधिकारी भी होंगे शामिल:इस महत्वपूर्ण बैठक में खाद्य, उद्योग, कृषि, खनिज, परिवहन, तेल विपणन कंपनियों (OMCs) और ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे। सरकार का उद्देश्य साफ है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर राज्य की जनजीवन और आपूर्ति व्यवस्था पर न पड़े।
सरकार का संदेश: घबराने की जरूरत नहीं
राज्य सरकार का फोकस साफ तौर पर आपूर्ति व्यवस्था को स्थिर बनाए रखने, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद जिलों को अलर्ट मोड पर रखते हुए कई जरूरी निर्देश जारी किए जा सकते हैं।




