छत्तीसगढ़खेल

छत्तीसगढ़ ने 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी के लिए पेश की दावेदारी, IOA की विशेष आमसभा में सौंपा CM साय का पत्र

नई दिल्ली। भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की विशेष आम सभा की बैठक मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित हुई। बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दिए जाने की दावेदारी पेश की।डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. उषा को मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णुदेव साय का पत्र सौंपा। पत्र के माध्यम से आगामी 39वें नेशनल गेम्स के बाद फरवरी 2028 में 40वें नेशनल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ में कराने का अनुरोध किया गया।

डॉ. सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने से खेल अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ प्रदेश में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों के विकास को नई गति मिलेगी।

IOA की विशेष आम सभा की बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम 2025 (NSGA 2025) के अनुरूप भारतीय ओलंपिक संघ के संविधान में आवश्यक महत्वपूर्ण बदलावों को मंजूरी देना भी रहा। बैठक में देशभर से जुड़े खेल प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

छत्तीसगढ़ की दावेदारी अब 2028 के राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

विक्रम सिसोदिया बोले- नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए छत्तीसगढ़ पूरी तरह तैयार

छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ को 40वें नेशनल गेम्स 2028 की मेजबानी मिलती है, तो प्रदेश इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल अधोसंरचना उपलब्ध है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि होगी और इससे राज्य में खेलों को नई ऊंचाई मिलेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search