छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ Weather Update: बाढ़, उफनाई नदी, गंगरेल में बढ़ा जलस्तर और चिल्फी घाटी में घना कोहरा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश का असर अब प्रदेश के कई जिलों में दिखाई देने लगा है। कहीं अचानक आई बाढ़ से सुरक्षा बलों के जवान फंस गए, तो कहीं नदियां उफान पर हैं। गंगरेल बांध में तेजी से जलभराव हो रहा है, वहीं चिल्फी घाटी घने कोहरे की चादर में लिपट गई है।

नारायणपुर: बालेबेड़ा BSF कैंप में अचानक आई बाढ़, 10 जवान फंसे

नारायणपुर जिले के बालेबेड़ा बीएसएफ कैंप में अचानक आई फ्लैश फ्लड से 10 जवान फंस गए। देखते ही देखते कैंप चारों ओर से पानी से घिर गया। जान बचाने के लिए जवानों को छत और पेड़ों पर चढ़ना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी जवानों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उफान पर खारुन नदी, पुल तक पहुंचा पानी

राजधानी रायपुर में लगातार बारिश के कारण खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शहर की जीवनदायिनी मानी जाने वाली खारुन नदी का पानी पुल के करीब पहुंच गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है।

धमतरी: गंगरेल बांध में 30 हजार क्यूसेक पानी की आवक

धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगरेल बांध में लगभग 30 हजार क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की जा रही है। बांध अब तक 67 प्रतिशत भर चुका है। जल संसाधन विभाग ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है और संभावित जलभराव को देखते हुए निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

कवर्धा: चिल्फी घाटी में घना कोहरा, विजिबिलिटी सिर्फ 20 मीटर

कवर्धा की चिल्फी घाटी में बारिश के बाद घना कोहरा छा गया है। विजिबिलिटी घटकर महज 20 मीटर रह गई है, जिससे रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। घाटी के घुमावदार मोड़ों और तीखे ढलानों के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने जारी की अपील:लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम विभाग की सलाह का पालन करने तथा यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search