छत्तीसगढ़

होली पर कड़ी सुरक्षा के दावे फेल, 5 घंटे में 3 हत्या, एक हिस्ट्रीशीटर गंभीर – नशे को माना जा रहा मुख्य कारण

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार को महज पांच घंटे के भीतर तीन हत्याओं की वारदातों ने शहर को दहला दिया। लगातार हुई इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती के बावजूद अपराधियों ने एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया। इन घटनाओं के पीछे नशे को प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार पहली घटना दोपहर करीब 12 बजे के बाद आरंग थाना क्षेत्र के साहू पारा में हुई, जहां एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

दूसरी वारदात खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में सामने आई, जहां आपसी विवाद के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।तीसरी घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के बरबंदा गांव में हुई, जहां एक और हत्या की खबर सामने आई। लगातार हुई इन घटनाओं से राजधानी में दहशत का माहौल बन गया है।इसी दौरान तिल्दा क्षेत्र में भी एक गंभीर वारदात हुई, जिसमें कुख्यात हिस्ट्रीशीटर लाला यादव पर हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस सभी मामलों की जांच में जुट गई है और प्रारंभिक तौर पर इन घटनाओं के पीछे नशे और आपसी विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है। राजधानी में एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button