छत्तीसगढ़अपराध

कोरबा में रेलवे ट्रैक का सामान चोरी करने वाले कंपनी के कर्मी निकले, 25 लाख की सामग्री जब्त

कोरबा। गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के बीच निर्माणाधीन नई विद्युतीकृत डबल रेलवे लाइन परियोजना में उपयोग होने वाली सामग्री के गबन से जुड़े गंभीर प्रकरण में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह घटना किसी बाहरी लूट की नहीं, बल्कि कंपनी के भीतर से की गई आंतरिक गबन का मामला है।

प्रकरण में शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा थाना कटघोरा में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में रेलवे साइड सिंघिया एवं सुतर्रा स्थित स्टोर से लोहे के स्लीपर व अन्य निर्माण सामग्री के गायब होने की जानकारी दी गई थी। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कटघोरा) नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में विस्तृत जांच की गई।

जांच में सामने आए अहम तथ्यजांच के दौरान कंपनी कर्मचारियों, गार्डों एवं संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ में सामने आया कि तेजबहादुर पटेल (जेसीबी ऑपरेटर) ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पिछले कई महीनों से रेलवे सामग्री चोरी कर कबाड़ी को बेचकर अवैध लाभ अर्जित किया। राहुल सिंह मरकाम की भी इस गबन में संलिप्तता पाई गई। कुछ कर्मचारियों पर दबाव डालकर मामले को बाहरी लूट का रूप देने का प्रयास किया गया। जांच के आधार पर थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 43/2026, धारा 316(5), 317(2), 317(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

25 लाख से अधिक की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त जेसीबी वाहन, रेलवे लोहे के स्लीपर के टुकड़े और नकद राशि जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹25,06,000 बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति और सार्वजनिक परियोजनाओं से जुड़े किसी भी गबन या आपराधिक कृत्य पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रकरण में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच अभी जारी है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button