कांग्रेस विधायक दल की बैठक संपन्न, किसान, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में आज कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाने और सरकार की नीतियों को तथ्यों के आधार पर घेरने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निष्कर्ष निकाला गया कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। कांग्रेस विधायक दल ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों के साथ वादा खिलाफी, धान खरीदी केंद्रों में बोरा भराई एवं तुलाई के नाम पर अवैध वसूली, तथा बिजली बिल की दरों में वृद्धि जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते प्रशासनिक आतंकवाद, एस.आई.आर. के तहत मतदाता सूची से नामों की कटौती, तथा सड़क निर्माण प्रक्रिया में भ्रष्टाचार पर गंभीर चिंता जताई गई। बैठक में यह भी कहा गया कि खतरनाक अपशिष्ट उत्सर्जन करने वाले उद्योगों द्वारा एन.जी.टी. गाइडलाइन का उल्लंघन और अधिसूचित क्षेत्रों में पेसा कानून के उल्लंघन जैसे मामलों पर सरकार जवाब देने से बच नहीं सकती।
बैठक में दीपक बैज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री, उपनेता लखेश्वर बघेल, सचेतक दलेश्वर साहू, उपसचेतक दिलीप लहरिया सहित कांग्रेस विधायक दल के अनेक वरिष्ठ नेता और विधायक उपस्थित रहे।
कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि वह आगामी विधानसभा सत्र में किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और आम जनता के हितों की मजबूती से पैरवी करेगा तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सदन से सड़क तक संघर्ष तेज किया जाएगा।




