CG Crime News: सूरजपुर में पति की हैवानियत, पत्नी का मुंडन कर पिलाया बच्चों का पेशाब

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। चरित्र शंका के चलते आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर उसका जबरन मुंडन कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उसे बच्चों का पेशाब पीने के लिए भी मजबूर किया गया।
जानकारी के अनुसार पीड़िता और आरोपी ने वर्ष 2006 में प्रेम विवाह किया था। हालांकि, पारिवारिक विवादों के चलते दोनों पिछले करीब एक वर्ष से अलग-अलग रह रहे थे। बताया जा रहा है कि पीड़िता सूरजपुर से अपने रिश्तेदार के घर पांडोपारा घूमने आई हुई थी। इसी दौरान आरोपी पति वहां पहुंचा और कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने मामले में केवल मामूली धाराएं लगाई हैं, जबकि घटना कहीं अधिक गंभीर है और कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल पटना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।




