
गरियाबंद। राजधानी रायपुर से लापता हुई युवती की सड़ी-गली लाश गरियाबंद जिले में मिलने के बाद मामला अब बेहद संवेदनशील और जटिल होता जा रहा है। पुलिस इस पूरे प्रकरण को प्रेम-प्रसंग के एंगल से भी जोड़कर देख रही है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर के टिकरापारा इलाके की रहने वाली युवती 30 जनवरी को घर से बिना बताए गायब हुई थी। परिजनों ने टिकरापारा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कई दिनों की तलाश के बाद अब युवती का शव राजिम थाना क्षेत्र के श्यामनगर-देवरी मार्ग पर सड़क किनारे नहर के पास बरामद किया गया है। चौंकाने वाला एंगल यह है कि युवती के लापता होने से पहले उसके कथित बॉयफ्रेंड की लाश उसके ही घर में फंदे से लटकी हुई मिली थी।इस घटना ने उस समय भी इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब युवती की लाश मिलने के बाद दोनों मामलों के बीच संभावित कनेक्शन को लेकर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई और साजिश इस बिंदु पर भी दोबारा फाइलें खंगाली जा रही हैं। युवती की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं को जोड़कर हर पहलू से जांच की जा रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।






