छत्तीसगढ़राजनीति

धान खरीदी को लेकर दीपक बैज का बड़ा बयान, कहा – किसानों के हक में कांग्रेस करेगी बड़ा प्रदर्शन, सरकार जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती

रायपुर। धान खरीदी को लेकर प्रदेश में उठ रहे विवाद के बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और किसान भारी परेशानी में हैं। बैज ने कहा कि अगर सरकार ने तुरंत व्यवस्था दुरुस्त नहीं की तो कांग्रेस किसानों के हित में राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

दीपक बैज ने राज्य सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था ठप है। किसानों को टोकन नहीं मिल रहा। रकबा काटा जा रहा है। बारदाना उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। 21 क्विंटल धान खरीदी के नियम का पालन नहीं हो रहा। बैज ने आरोप लगाया कि सरकार प्रशासनिक अव्यवस्था को छुपाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जमीन पर किसान परेशान हैं, मंडियों में लंबी कतारें हैं और समर्थन मूल्य पर खरीदी ठप है। उन्होंने कहा किसानों का हर दाना सरकार की जिम्मेदारी है। अपनी जिम्मेदारी से सरकार मुकर नहीं सकती। किसानों को उनका पूरा हक दिलाकर ही रहेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में किसानों के सवाल पर बड़े स्तर पर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन को भी आंदोलन के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच धान खरीदी को लेकर अब राजनीतिक टकराव और तेज होने की संभावना है। कांग्रेस के आंदोलन की रणनीति को देखते हुए आने वाले दिनों में राज्य की सियासत पूरी तरह किसानों के मुद्दे पर केंद्रित हो सकती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button