
अंबिकापुरI छत्तीसगढ़ के पूर्व डिप्टी सीएम T. S. Singh Deo ने कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर बड़ा बयान दिया है। ‘जय-वीरू की जोड़ी’ को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि परिवार में जैसे भाई-भाई के बीच खटपट होती है, वैसी स्थिति यहां भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मतभेद जरूर हैं, लेकिन ऐसी गुटबाजी नहीं है जो पार्टी को नुकसान पहुंचाए या चुनाव परिणामों को प्रभावित करे। सिंहदेव ने कहा कि हर राजनीतिक दल में अलग-अलग दावेदार और विचार होते हैं, इसे सामान्य प्रक्रिया के तौर पर देखा जाना चाहिए।
पूर्व डिप्टी CM ने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वहां भी इसी तरह की स्थिति रहती है और कई नेता अपनी-अपनी दावेदारी पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में विचारों का अंतर होना स्वाभाविक है, लेकिन संगठन का उद्देश्य एक ही रहता है।
सिंहदेव के इस बयान को छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। उनके बयान के बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।



