
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल करने वाले अभिजीत सखूजा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के लिए कुल 82 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपए और कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, फिर भी नहीं मानी हार
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की कहानी संघर्ष और हौसले की मिसाल है। वे सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में तैनात थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
लेकिन इस मुश्किल परिस्थिति में भी उन्होंने हार नहीं मानी। वर्ष 2023 में उन्होंने पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। लगातार मेहनत, अनुशासन और अभ्यास के दम पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन कुमार के साहस की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी अपनी इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
बचपन से शारीरिक चुनौती, पैरा बैडमिंटन में जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा ने भी अपनी मेहनत और लगन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे अभिजीत ने परिस्थितियों को अपने लक्ष्य के आड़े नहीं आने दिया।
उन्होंने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास के दम पर एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक हासिल किया। मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देगी सरकार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत खिलाड़ियों को उचित अवसर, बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित दोनों खिलाड़ियों के परिजन उपस्थित थे।


