छत्तीसगढ़

राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ विधानसभा के अष्टम सत्र को किया संबोधित, विकसित छत्तीसगढ़ – 2047 का रोडमैप, किसान-महिला-युवा-जनजातीय विकास पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने आज राज्य की छठी विधानसभा के अष्टम सत्र को संबोधित करते हुए सरकार की प्राथमिकताओं, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल का विष्णु देव साय, डॉ. रमन सिंह और डॉ. चरणदास महंत ने स्वागत किया।

राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना और विधानसभा की रजत जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश ने विकसित राज्य बनने की दिशा में नया सफर शुरू किया है और 2047 तक लक्ष्य हासिल करने का संकल्प लिया है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा राज्य निर्माण के संकल्प को स्मरण करते हुए सरकार के प्रयासों की सराहना की।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस रखते हुए बताया गया कि समर्थन मूल्य पर 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद कर 33,431 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत होली से पहले 10,292 करोड़ रुपये किसानों को दिए जाएंगे। दलहन-तिलहन, मिलेट्स, जैविक खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं लागू की गई हैं।

महिला सशक्तिकरण के लिए वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया गया। ‘महतारी वंदन योजना’ से लगभग 69 लाख महिलाओं को मासिक सहायता दी जा रही है। सामूहिक विवाह, महतारी सदन और पोषण कार्यक्रमों की उल्लेखनीय उपलब्धियां गिनाई गईं।नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा-विकास के संयुक्त प्रयासों से बड़ी सफलता का उल्लेख करते हुए बताया गया कि दो वर्षों में 532 माओवादी न्यूट्रलाइज, 2704 आत्मसमर्पण और 2004 गिरफ्तारियां हुईं। ‘नियद नेल्ला नार योजना’ से बुनियादी सुविधाएं, सड़क-पुल, मोबाइल टॉवर, स्कूल-स्वास्थ्य केंद्र सुदृढ़ हुए।

जनजातीय उत्थान, आवास, शिक्षा-स्वास्थ्य, औद्योगिक नीति, आईटी-एआई-फार्मा निवेश, नवा रायपुर को एजुकेशन/आईटी हब बनाने, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, आयुष्मान और जलवायु-वन आवरण वृद्धि जैसे विषयों पर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई गई।अंत में राज्यपाल ने कहा कि समावेशी विकास, सुशासन और नवाचार के साथ छत्तीसगढ़ तेजी से प्रगति पथ पर आगे बढ़ रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button