छत्तीसगढ़

नक्सल क्षेत्र नंबी पहुंचे गृहमंत्री विजय शर्मा,जवानों से मुलाकात में कहा – क्षेत्र में शांति के लिए आपका योगदान अविस्मरणीय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा आज राज्य के घोर नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के दूरस्थ ग्राम नंबी पहुंचे। यहाँ उन्होंने 196वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंप में तैनात जवानों से मुलाकात कर उनके अदम्य साहस, समर्पण और शांति स्थापना में निभाई जा रही भूमिका की सराहना की।

गृहमंत्री ने जवानों के साथ समय बिताते हुए नक्सल अभियान के दौरान आने वाली चुनौतियों की जानकारी भी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्थायी शांति स्थापना और विकास में सुरक्षा बलों का योगदान निर्णायक है। “हमारे जवानों ने सिर्फ नक्सल हिंसा को रोका ही नहीं, बल्कि लोगों के बीच शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास भी जगाया है। आज क्षेत्र में शांति का जो माहौल बना है, उसमें आपका योगदान अविस्मरणीय है।

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से दिया हरियाली का संदेश

दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सीआरपीएफ कैंप परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल जहां सुरक्षा की गारंटी हैं, वहीं ऐसे संवेदनशील अभियानों से वे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश दे रहे हैं।

नक्सल मोर्चे पर जवानों की वीरता को सलाम: विजय शर्मा ने जवानों से नक्सल अभियान के अनुभवों के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ और राज्य पुलिस बल ने न सिर्फ नक्सलियों की गतिविधियों पर नकेल कसी है बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग का माहौल भी बनाया है।

उन्होंने गांव के ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में तैयार की गई संवेदनशील पुनर्वास नीति से अब भटके युवा मुख्यधारा में लौट रहे हैं, और इसमें हमारे सशस्त्र बलों की भूमिका सराहनीय है।

गृहमंत्री के दौरे के दौरान मौके पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जनपद पंचायत अध्यक्ष पूर्णिमा तेलम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, बस्तर संभाग आयुक्त डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., डीआईजी कमलोचन कश्यप, कलेक्टर संबित मिश्रा, एसपी डॉ. जितेंद्र यादव, डीएफओ रंगानाथन रामकृष्णन वाय सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल के जवान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button