इंटेलिजेंस चीफ अमित कुमार केंद्र में एडीजी इम्पैनल्ड, भारत सरकार ने जारी किया आदेश

1998 बैच के 30 आईपीएस अधिकारियों को मिला पैनल में स्थान
रायपुर। छत्तीसगढ़ के इंटेलिजेंस चीफ और 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी Amit Kumar को भारत सरकार में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) पद के लिए इम्पैनल्ड किया गया है। केंद्र सरकार ने देर शाम आदेश जारी करते हुए देशभर के 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी पद के लिए पैनल में शामिल किया है।
राज्य और केंद्र में निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां
आईपीएस अमित कुमार वर्तमान में छत्तीसगढ़ के इंटेलिजेंस चीफ के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने यह जिम्मेदारी सौंपी थी। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद उन्हें राज्य की खुफिया व्यवस्था की कमान दी गई।
सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में दी सेवाएं
इससे पहले अमित कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर Central Bureau of Investigation (CBI) में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। यहां उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (Anti-Corruption Wing) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली और कई अहम मामलों की निगरानी की।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से हो चुके हैं सम्मानित
आईपीएस अमित कुमार को उत्कृष्ट सेवा के लिए जनवरी 2025 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। प्रशासनिक दक्षता और ईमानदार छवि के कारण वे राज्य के प्रभावशाली और भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं। केंद्र सरकार द्वारा एडीजी पद के लिए इम्पैनलमेंट मिलने के बाद अब भविष्य में उन्हें केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना और बढ़ गई है।




