खल्लारी माता मंदिर हादसा: रोपवे संचालक कंपनी पर FIR, लापरवाही के आरोप

रायपुर/महासमुंद। चैत्र नवरात्रि के दौरान खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोपवे हादसे के बाद बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला प्रशासन की जांच में लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक कंपनी और कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
प्रशासन के निर्देश पर मां खल्लारी देवी ट्रस्ट ने ‘रोप वे एवं रिसॉर्ट प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता’ के साथ-साथ रोपवे संचालन से जुड़े स्थानीय कर्मचारी बीरबल जंघेल और रामेश्वर यादव के खिलाफ खल्लारी थाने में मामला दर्ज कराया है।

मेंटेनेंस में लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रोपवे का समय-समय पर उचित मेंटेनेंस नहीं किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि यदि नियमित जांच और रखरखाव होता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
हादसे में एक की मौत, 16 घायल
रविवार को चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। दर्शन के बाद कुछ लोग रोपवे ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। ट्रॉली पहाड़ी से टकराकर करीब 20 फीट नीचे गिर गई।इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हुए हैं।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 173 के तहत सेक्शन 289 और 125 (a) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और दोष सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।
जांच जारी, सुरक्षा पर उठे सवाल: घटना के बाद रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



