बीजापुर में माओवादियों की कायराना हरकत, धारदार हथियार से ग्रामीण की हत्या

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक बार फिर अपनी कायराना हरकत को अंजाम दिया है। थाना उसूर क्षेत्र के ग्राम पुजारीकांकेर में माओवादियों ने एक ग्रामीण की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना की पुष्टि पुलिस ने की है और मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिरी के शक में की गई हत्या
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पुजारीकांकेर निवासी मड़कम भीमा की हत्या माओवादियों ने मुखबिरी के शक में की। घटना 01 अक्टूबर 2025 की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। माओवादियों का एक समूह गांव में भीमा के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
माओवादी दहशत से गांव सहमा
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार माओवादी लगातार आम लोगों को डराकर अपने संगठन के पक्ष में काम करने का दबाव बनाते हैं। इस बार भी निर्दोष ग्रामीण को मुखबिरी का आरोप लगाकर मौत के घाट उतार दिया गया सूचना मिलते ही थाना उसूर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों ने गांव में घुसकर ग्रामीण मड़कम भीमा की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। थाना उसूर में प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। सुरक्षा बल भी इलाके में गश्त कर रहे हैं ताकि माओवादी गतिविधियों पर नियंत्रण पाया जा सके।




