पूर्व CM भूपेश बघेल पर मंत्री OP चौधरी का पलटवार, बोले – ‘जनता को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास याद करें’

रायपुर। पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में राहत को लेकर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि “आपकी इन्हीं हरकतों के कारण जनता ने लानत भेजकर आपको बाहर किया है। जनता को गुमराह करने से पहले अपना इतिहास याद किया करें।”
कोविड काल में आपने ही बढ़ाया था VAT
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कोविड काल के दौरान भूपेश सरकार ने पेट्रोल पर वैट बढ़ाकर जनता से वसूली की थी। वहीं अब जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने का फैसला लिया है, तो कांग्रेस को इसमें भी तकलीफ हो रही है।उन्होंने कहा कि“आज केंद्र सरकार ने जनता को राहत देने का फैसला लिया है, लेकिन आपको परेशानी इस बात से है कि आम लोगों को फायदा मिल रहा है।”
भूपेश बघेल ने क्या कहा था?

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती को लेकर सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा था—“जिन्हें एक्साइज कटौती से राहत मिली, वे CM का अभिनंदन करें…और अगर न मिले, तो उनको लानत भेजें… सांय-सांय।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार जनता को लाभ मिलने की अफवाह फैला रही है और कहा कि“जनता को एक कौड़ी की राहत नहीं मिलने वाली।
राहत पर राजनीति तेज
एक्साइज ड्यूटी में कटौती के बाद जनता को वास्तव में कितना लाभ मिलेगा, इसे लेकर जहां राजनीतिक बयानबाजी तेज है, वहीं सत्तापक्ष इसे जनहित में बड़ा फैसला बता रहा है और विपक्ष इसे सिर्फ प्रचार करार दे रहा है। माना जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है।


