बाढ़ के बीच नाव से गांव पहुंचे मंत्री ओपी चौधरी, प्रभावित परिवारों से मिले; बोले- सरकार आपके साथ

रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से महानदी का जलस्तर बढ़ने के बाद रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। हालात का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी खुद प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने नाव के जरिए जलमग्न ग्राम बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
चारों ओर पानी से घिरे गांवों में पहुंचकर ओपी चौधरी ने प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद किया। उन्होंने महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं का हालचाल जाना और बाढ़ के कारण सामने आ रही समस्याओं तथा तत्काल जरूरतों की जानकारी ली।

‘आप चिंता न करें, सरकार और प्रशासन आपके साथ’
वित्त मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जरूरत पड़ने पर तत्काल होगा सुरक्षित स्थानों पर रेस्क्यू
ओपी चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी गांव या परिवार को खतरा महसूस हो तो उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। राहत और बचाव टीमों को लगातार सक्रिय रहने तथा स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। हालात के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।वित्त मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता और सुरक्षित बचाव के लिए सरकार एवं प्रशासन लगातार जमीन पर काम कर रहे हैं।



