सिंगापुर जाएंगे CM विष्णु देव साय, वैश्विक मंच पर रखेंगे छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं

विदेश मंत्रालय के नामांकन पर 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास, SING फोरम 2026 में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
रायपुर। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के मंच पर अपनी संभावनाएं प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री साय सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होने वाले छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
सिंगापुर में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ अपनी औद्योगिक क्षमता, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेगा। इस दौरान सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ संभावित सहयोग और निवेश को लेकर संवाद भी होगा।
पहली बार आयोजित हो रहा SING फोरम
SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है। इसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में सिंगापुर और भारत के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख और निवेशक शामिल होंगे।
फोरम का उद्देश्य भारत और सिंगापुर के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करना और व्यापार एवं निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। छत्तीसगढ़ की भागीदारी से राज्य की औद्योगिक और आर्थिक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का अवसर मिलेगा।
MSME और स्टार्टअप में निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय फोरम में छत्तीसगढ़ में MSME, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और विकास के संभावित क्षेत्रों की जानकारी दी जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल की इस भागीदारी के जरिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्यमियों के साथ दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।
कौशल विकास और हरित विकास पर भी फोकस
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे के साथ बैठकें करेगा।
इन बैठकों में कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। सिंगापुर के अनुभवों और विशेषज्ञता से छत्तीसगढ़ में इन क्षेत्रों के विकास की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
CM साय बोले- वैश्विक साझेदारों से जोड़ने का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सिंगापुर यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और राज्य के विकास के नए रास्ते खोलने का महत्वपूर्ण अवसर है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि वैश्विक स्तर पर उपलब्ध विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की संभावनाओं से छत्तीसगढ़ को जोड़ा जाए, ताकि प्रदेश में विकास के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकें।
ये अधिकारी होंगे प्रतिनिधिमंडल में शामिल
मुख्यमंत्री साय के साथ सिंगापुर जाने वाले राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, CSIDC के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे।
चार दिवसीय सिंगापुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार का फोकस निवेश, उद्योग, स्टार्टअप, कौशल विकास और हरित विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर रहेगा।




