छत्तीसगढ़

13 मार्च को पीएम किसान उत्सव दिवस: देश के 9.32 करोड़ किसानों को 18,650 करोड़ रुपये की 22वीं किस्त

छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि

रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 13 मार्च को देशभर में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री Narendra Modi असम के गुवाहाटी से देश के करीब 9.32 करोड़ किसानों के खातों में 18,650 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की 22वीं किस्त सीधे हस्तांतरित करेंगे।

इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के 24 लाख 71 हजार 498 किसानों के खातों में 498.83 करोड़ रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस योजना से प्रदेश के 2 लाख 92 हजार वन पट्टाधारी किसानों और 37 हजार 400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (PVTG) के किसानों को भी लाभ मिल रहा है।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस दिन राज्य के सभी जिलों और ग्राम पंचायतों में पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायत स्तर पर किसान बैठकों का आयोजन होगा और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया जाएगा, ताकि किसान सीधे इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी व्यवस्था है। योजना के तहत सहायता राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसी भी प्रकार के बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाती है। किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद और अन्य कृषि कार्यों में कर सकते हैं, जिससे खेती की लागत कम होती है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत दिसंबर 2018 में की गई थी और पहली किस्त फरवरी 2019 में किसानों के खातों में जारी की गई थी। योजना शुरू होने के बाद से अब तक छत्तीसगढ़ के किसानों को कुल 11,283 करोड़ 09 लाख रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है।

इस योजना के तहत एकल और संयुक्त खाता धारक किसान परिवार, जिनके नाम भू-अभिलेख में दर्ज हैं, योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही वन अधिकार पट्टाधारी किसान और विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसान भी योजना के पात्र हैं। विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसानों को योजना का लाभ देने के लिए कृषि भूमि की अनिवार्यता में भी छूट दी गई है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रति वर्ष 6 हजार रुपये की सहायता दी जाती है, जो 2-2 हजार रुपये की तीन समान किश्तों में हर चार महीने के अंतराल पर सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button