बारामती हादसे को लेकर पीएम मोदी ने जताया दुख, अजित पवार को बताया जननेता,CM साय ने भी जताया गहरा दुःख

दिल्ली। बारामती हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए अजित पवार के सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और नेतृत्व को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अजित पवार एक ऐसे जननेता हैं, जिनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव रहा है। वे महाराष्ट्र की जनता की सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाने वाले परिश्रमी और कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। प्रशासनिक मामलों की उनकी गहरी समझ तथा गरीब और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने का उनका जज़्बा विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है।
प्रधानमंत्री ने हादसे को स्तब्ध कर देने वाला बताते हुए पवार परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में देश उनके साथ खड़ा है।
घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चिंता और संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
सीएम साय ने जताया दुःख
सीएम साय ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जी समेत अन्य लोगों के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
अजित पवार जी का सम्पूर्ण जीवन कृषक कल्याण, जनसेवा और देश के विकास के लिए समर्पित रहा। उनका असमय देहावसान न केवल उनके परिजनों एवं समर्थकों के लिए, बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की अद्भुत शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति



