Rajya Sabha Election: राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को, 10 राज्यों की 37 सीटों पर होगा मतदान, छत्तीसगढ़ की दो सीटों पर भी चुनाव

इस बार BJP-कांग्रेस को एक-एक सीट मिलने के आसार
रायपुर। देश में राज्यसभा के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। 16 मार्च को 10 राज्यों की कुल 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव संपन्न होगा। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर भी मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने नोटिफिकेशन जारी कर इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और राजनीतिक दलों में हलचल बढ़ गई है।
छत्तीसगढ़ की दोनों सीटें फिलहाल कांग्रेस के पास
वर्तमान में छत्तीसगढ़ की दोनों राज्यसभा सीटों पर कांग्रेस के सांसद काबिज हैं। इनमें फूलोदेवी नेतामकेटीएस तुलसी शामिल हैं। दोनों का कार्यकाल समाप्त होने के चलते अब इन सीटों पर नए सिरे से चुनाव कराए जा रहे हैं।
इस बार सीट बंटवारे का गणित बदला
राजनीतिक समीकरणों और विधानसभा में मौजूदा संख्याबल को देखते हुए इस बार छत्तीसगढ़ में एक-एक राज्यसभा सीट BJP और कांग्रेस के खाते में जाने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक विधानसभा में भाजपा की स्थिति मजबूत होने के कारण उसे कम से कम एक सीट मिलना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि कांग्रेस भी एक सीट बचाने में सफल रह सकती है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी अहम चुनाव: इन चुनावों के नतीजे न सिर्फ राज्यों की राजनीति बल्कि राज्यसभा में दलों की ताकत को भी प्रभावित करेंगे। 10 राज्यों में होने वाले इन चुनावों को आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक सरगर्मी तेज: चुनाव की तारीख घोषित होते ही छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में प्रत्याशियों के नामों को लेकर मंथन शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकते हैं।



