स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम में जवानों को बांधी राखी, सीएम साय ने कहा- बस्तर में तेजी से होगा विकास

रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आज ‘स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों ने सुरक्षा बलों के जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के रिश्ते को मजबूत किया।
कार्यक्रम में शहीद वीर जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को राखी बांधी। वहीं स्कूली बच्चियों ने CISF, BSF और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों को राखी बांधकर रक्षाबंधन का उत्सव मनाया। जवानों और बच्चियों के बीच स्नेह का यह दृश्य कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
दिव्यांग बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति:कार्यक्रम में मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भावनात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल बनाया। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी किया गया।
राखी प्रेम और विश्वास का प्रतीक : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते हुए देखना उनके लिए अद्भुत अनुभव है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम और विश्वास का पवित्र प्रतीक है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और भाई जीवनभर उनकी रक्षा का वचन देते हैं।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
सीएम ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत बहनों को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर अगली किस्त के रूप में 68 लाख बहनों के खातों में 631 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे, ताकि वे उत्साह के साथ रक्षाबंधन का पर्व मना सकें।
‘बस्तर में अब तेजी से होगा विकास’
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के विकास को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग में लंबे समय तक अपेक्षित विकास नहीं हो सका, लेकिन अब बस्तर में तेजी से विकास किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य क्षेत्र में विकास की गति बढ़ाने के साथ लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में संभाग में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।





