NMDC का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बना बस्तर के लोगों के लिए वरदान, इलाज के लिए दूर जाने की मजबूरी हुई ख़त्म

जगदलपुर। बस्तर में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों की दूसरे शहरों पर निर्भरता अब खत्म हो गई है। जिस विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए लोगों को रायपुर, हैदराबाद और ओडिशा तक जाना पड़ता था, वह अब जगदलपुर के डिमरापाल में ही उपलब्ध है और मरीजों को इलाज मिलना शुरू हो चुका है। यहां शुरू हुआ NMDC का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बस्तर की स्वास्थ्य व्यवस्था में अहम बदलाव लेकर आया है। अब गंभीर मरीजों को अपने ही क्षेत्र में उन्नत चिकित्सा सुविधा और समय पर उपचार मिल रहा है।
जगदलपुर के डिमरापाल में करीब 240 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बस्तर के लोगों को उन्नत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है। 11 एकड़ में बने इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, यूरोलॉजी समेत कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं उपलब्ध हो रही है। साथ ही ICU और 24×7 इमरजेंसी जैसी सुविधाएं भी अस्पताल में मौजूद है।
अब गंभीर इलाज के लिए बस्तर से बाहर जाने की मजबूरी नहीं
बस्तर के लोगों के लिए इस अस्पताल की सबसे बड़ी अहमियत यही है कि जिन गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को पहले रायपुर या हैदराबाद जाना पड़ता था, उनके लिए अब अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है। यानी दिल की बीमारी हो, न्यूरो से जुड़ी गंभीर समस्या हो या यूरोलॉजी का जटिल इलाज बस्तर के मरीजों को हर बार महानगरों की ओर दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अस्पताल के संचालन में हैदराबाद स्थित Continental Hospitals की भागीदारी है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी बस्तर के लोगों को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को एक चुनौती के रूप में लिया गया है।
NMDC का ₹25 करोड़ का सहयोग
इस पूरे स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में NMDC की भूमिका महत्वपूर्ण है। अस्पताल के संचालन को शुरू करने के लिए NMDC ने ₹25 करोड़ की वित्तीय सहायता दी है। कंपनी ने अगले पांच वर्षों तक भी इसी स्तर की वित्तीय सहायता जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।
NMDC के सहयोग का उद्देश्य अस्पताल को शुरुआती संचालन से लेकर आगे एक मजबूत और आत्मनिर्भर स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद करना है। गरीब और वंचित मरीजों को मुफ्त इलाजइस अस्पताल की सबसे बड़ी खासियतों में से एक जरूरतमंद और वंचित समुदायों के लिए मुफ्त उपचार की व्यवस्था है। बस्तर के उन परिवारों के लिए यह बड़ी राहत है, जिनके लिए बड़े शहरों में जाकर महंगा इलाज कराना आर्थिक रूप से मुश्किल होता है।
बस्तर में ही मिल रही महानगर जैसी विशेषज्ञ सुविधा
अस्पताल छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत विकसित किया गया है। संचालन के लिए निजी स्वास्थ्य सेवा भागीदार को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शुरुआती परिचालन खर्च की फंडिंग NMDC कर रही है। डिमरापाल का यह अस्पताल दक्षिण छत्तीसगढ़ के हजारों परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को उनके घर के करीब लाने वाली बड़ी पहल है।
बस्तर के लिए यह सिर्फ एक अस्पताल नहीं, बल्कि उस दौर के खत्म होने की शुरुआत है जब गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मरीजों को रायपुर, हैदराबाद या दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। NMDC के सहयोग से तैयार यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बस्तर के लोगों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ा वरदान बनकर सामने आया है।




