छत्तीसगढ़ BJP में बैठकों का दौर, स्मृति ईरानी ने विधायकों-सांसदों के साथ किया मंथन; CM साय भी रहे मौजूद

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे का सोमवार को दूसरा दिन है। राजधानी रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में दिनभर मैराथन बैठकों का दौर जारी है। संगठन की सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। बैठकों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश सहप्रभारी सिद्धार्थ शंभू और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
विधायकों के साथ करीब 1 घंटा 40 मिनट चली बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे भाजपा विधायकों की बैठक शुरू हुई। इसमें दीपेश साहू, भावना बोहरा, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अजय चंद्राकर, पुन्नूलाल मोहले और रेणुका सिंह सहित कई विधायक शामिल हुए।बैठक करीब 1 घंटा 40 मिनट तक चली। इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। पार्टी संगठन की सक्रियता और आगामी रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किए जाने की जानकारी सामने आई है।
सांसदों के साथ भी हुई बैठक
विधायकों की बैठक के बाद भाजपा सांसदों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें भोजराज नाग, चिंतामणि महाराज और कमलेश जांगड़े सहित भाजपा के अन्य सांसद शामिल हुए।बैठक में स्मृति ईरानी, सिद्धार्थ शंभू और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे। पार्टी के राजनीतिक कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
मंत्रियों और कोर ग्रुप के साथ भी बैठक निर्धारित
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, सांसदों की बैठक के बाद राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ विशेष बैठक होनी है। इसके बाद भाजपा कोर ग्रुप की बैठक प्रस्तावित है।
इसके अलावा विचार परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद का कार्यक्रम भी निर्धारित है। स्मृति ईरानी के इस दौरे को संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और पार्टी के विभिन्न स्तरों के नेताओं के साथ समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




