दिवाली से पहले 27 अक्टूबर को साय कैबिनेट की बैठक, क्या कर्मचारियों को मिलेगा 2% DA का तोहफा?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 27 अक्टूबर को कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित होगी। बैठक सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में होगी। बैठक में प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों और प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इस बीच, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों की निगाहें महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को लेकर संभावित फैसले पर टिकी हैं।
क्या कर्मचारियों का DA बढ़ाएगी साय सरकार?
कैबिनेट बैठक से पहले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार DA में 2 प्रतिशत वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बैठक में किन प्रस्तावों पर चर्चा होगी और किन फैसलों पर मुहर लगेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी भी सामने नहीं आई है।
कर्मचारी फेडरेशन ने CM साय को लिखा पत्र
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। संगठन ने दिवाली से पहले DA में 2 प्रतिशत वृद्धि करने और कर्मचारियों को राहत देने की मांग की है।
कर्मचारी संगठन के मुताबिक, विधानसभा चुनाव से पहले कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता देने और बकाया एरियर के भुगतान का आश्वासन दिया गया था। संगठन का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत देने के लिए सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।
संगठन ने बताया कि 6 सितंबर को आयोजित प्रांतीय बैठक में महंगाई भत्ते के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। इसके बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर सरकार को मांग पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
58% DA, दो प्रतिशत बढ़ोतरी से 60% होने की मांग
कर्मचारी संगठन के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। संगठन की मांग है कि इसमें 2 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 60 प्रतिशत किया जाए, ताकि केंद्रीय कर्मचारियों के साथ महंगाई भत्ते का अंतर खत्म हो सके।
कर्मचारियों की मांग केवल DA बढ़ाने तक सीमित नहीं है। संगठन ने देय तिथि से बकाया एरियर का भुगतान करने की भी मांग की है। अब कर्मचारियों को उम्मीद है कि दिवाली से पहले होने वाली कैबिनेट बैठक में उनकी मांग पर विचार किया जा सकता है।
अब सबकी नजर 27 अक्टूबर को होने वाली साय कैबिनेट बैठक पर है। हालांकि, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी होगी या नहीं, यह बैठक के बाद सरकार के आधिकारिक निर्णय से ही स्पष्ट होगा।




