छत्तीसगढ़

SAI CABINET DECISION: किसानों को होली से पहले 10 हजार करोड़ की सौगात, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का भुगतान

रायपुर- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र, बजट उपस्थापन और किसानों के हित में बड़े आर्थिक फैसलों पर मुहर लगाई गई।

🔹 राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी:मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा के अष्टम् सत्र (फरवरी-मार्च 2026) के लिए माननीय राज्यपाल के अभिभाषण के प्रारूप का अनुमोदन किया।

🔹 छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 को स्वीकृति: वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान को विधानसभा में प्रस्तुत करने हेतु छत्तीसगढ़ विनियोग विधेयक-2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई। इससे आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं और विकास कार्यों का मार्ग प्रशस्त होगा।

🌾 किसानों के लिए बड़ा निर्णय: होली से पहले 10 हजार करोड़ का भुगतानमंत्रिपरिषद ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25,24,339 किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई।राज्य सरकार द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत धान के मूल्य के अंतर की राशि के रूप में लगभग 10 हजार करोड़ रुपए होली से पहले किसानों के खातों में एकमुश्त जमा किए जाएंगे।

देश में सर्वाधिक दर का दावा: सरकार के अनुसार, राज्य में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो देश में सर्वाधिक है।बीते दो वर्षों में कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को धान के मूल्य के अंतर के रूप में 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस वर्ष 10 हजार करोड़ रुपए के अतिरिक्त भुगतान के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 35 हजार करोड़ रुपए से अधिक हो जाएगा।

कैबिनेट के इन फैसलों को किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। होली से पहले अंतर राशि का भुगतान किसानों के लिए त्योहारी सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button