छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान: 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में होंगे सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम:CM साय

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम सब विकसित भारत के संकल्प के साक्षी बन रहे हैं – मुख्यमंत्री साय

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा साझा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन, संकल्प और परिणामों की यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’

सीएम साय ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस की शाम 7 बजे पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घर में एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने की अपील की।इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही विशेष रूप से शामिल होंगे।

25 हजार शिक्षण संस्थानों के 50 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल

अभियान के तहत बच्चों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। करीब 25 हजार शिक्षण संस्थानों और 50 लाख विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र’ के तहत ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 18 सितंबर को ड्राइंग तथा 19 सितंबर को प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता प्रस्तावित है।

‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के जरिए नुक्कड़ नाटक और सांगीतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलाव को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

बस्तर में ‘सेवा संकल्प यात्रा’, सरकार आपके द्वार अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए बदलते बस्तर की तस्वीर देश के सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।इन शिविरों में हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्वीकृति-पत्र, राजस्व प्रकरणों का निराकरण और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल की जाएगी।

रक्तदान से जल संरक्षण तक होंगे सेवा कार्य

23 से 25 सितंबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलेगा। इसके तहत नागरिकों और संस्थाओं को कम से कम एक सेवा कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।

29 सितंबर को ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत रंगोली बनाई जाएगी, जिसमें विकसित भारत-2047 की भावना और राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रदर्शित किया जाएगा।

17 अक्टूबर को होगा अभियान का समापनसीएम साय ने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। युवाओं और नवाचार के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ होगा। वहीं अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अन्त्योदय के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। अभियान के दौरान भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर उन हितग्राहियों से संवाद करेंगे, जिनके जीवन में केंद्र सरकार की योजनाओं से बदलाव आया है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ राजनीतिक नेतृत्व की संकल्प शक्ति का परिणाम: साय

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने का दावा करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर तक की कार्रवाई राजनीतिक नेतृत्व की संकल्प शक्ति का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि बस्तर में नक्सल समस्या के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है और अब क्षेत्र में शांति एवं विकास का नया वातावरण बना है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इसे छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाया जाएगा। पत्रकार वार्ता में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन मौजूद रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search