रायपुर में होली पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, 700 पुलिस जवान तैनात, ड्रोन से निगरानी

रायपुर। रंगों के पर्व होली को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए रायपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगभग 700 पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे शहर पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।


क्विक रिस्पांस टीम अलर्ट
होली के दौरान हुड़दंग या अवांछित गतिविधि की स्थिति में क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। इसके अलावा सभी डीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे।
50 स्थानों पर फिक्स चेकिंग
शहर के प्रमुख 50 चौक-चौराहों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, जहां संदिग्ध गतिविधियों और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार शांति, सौहार्द और कानून का पालन करते हुए मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करें।




