छत्तीसगढ़

Sukma News: पूवर्ती शमशान में नक्सली कमांडर हिड़मा के कथित क्रियाकर्म का मामला, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से पहुंचे 70–80 लोग, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा

सुकमा। जिले के पूवर्ती क्षेत्र से जुड़ा एक संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी राजे के कथित चीता (चिता) पर क्रियाकर्म को लेकर स्थानीय स्तर पर हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से आए लगभग 70 से 80 लोग पूवर्ती गांव के शमशान घाट पहुंचे थे और वहां दिनक्रिया कर रहे थे।

ग्रामीणों को इस गतिविधि पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर शमशान घाट में मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी 70–80 लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें पूवर्ती से सुकमा लाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी लोगों से देर रात तक गहन पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके पूवर्ती पहुंचने के उद्देश्य, आपसी संबंधों और गतिविधियों को लेकर जानकारी जुटाई गई। प्राथमिक जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक साजिश या तत्काल सुरक्षा खतरे के ठोस प्रमाण नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सभी लोगों को रिहा कर दिया।

हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के कारण किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों की सतर्कता को पुलिस ने सराहनीय बताया है और भविष्य में भी ऐसी किसी गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।

गौरतलब है कि पूवर्ती इलाका पहले से ही नक्सल गतिविधियों को लेकर संवेदनशील माना जाता रहा है। ऐसे में बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में लोगों का अचानक शमशान पहुंचना सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का सत्यापन कर रही है और खुफिया स्तर पर भी जानकारी जुटाई जा रही है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button