मुठभेड़ में दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा मारा गया

सुकमा। छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा से नक्सल मोर्चे पर अब तक की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। आंध्र प्रदेश के ग्रेहाउंड जवानों और नक्सलियों के बीच चल रही मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा मारा गया है। हिड़मा के साथ उसकी पत्नी राजे के भी ढेर होने की सूचना मिल रही है।मुठभेड़ आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले के घने जंगलों में हुई, जो छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से सटा हुआ अत्यधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्र है। संयुक्त अभियान में ग्रेहाउंड फोर्स ने नक्सलियों के मजबूत ठिकानों पर सर्चिंग के दौरान इस मुठभेड़ को अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ स्थल से 6 नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं, जिनमें दो की पहचान बेहद महत्वपूर्ण बताई जा रही है। प्राथमिक जानकारी में हिड़मा और उसकी पत्नी राजे का नाम सामने आ रहा है। हिड़मा लंबे समय से नक्सलियों की सबसे प्रभावशाली इकाई PLGA बटालियन-1 का कमांडर माना जाता था और कई बड़ी नक्सली घटनाओं का मास्टरमाइंड बताया जाता रहा है।
सर्चिंग ऑपरेशन अभी भी जारी है, और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। ग्रेहाउंड और स्थानीय सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान को और तेज कर रही है, ताकि अन्य नक्सलियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके।

हिड़मा, जिसे संतोष के नाम से भी जाना जाता था, पर 50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह देश के कई सबसे भीषण नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था।
जिनमें शामिल हैं 2010 दंतेवाड़ा हमला – 76 CRPF जवान शहीद
2017 सुकमा हमला – 25 CRPF जवान
2021 सुकमा–बीजापुर घात – 22 जवान शहीद
2013 दरभा घाटी हमला – राजनीतिक नेतृत्व पर सबसे बड़ा हमलाकुल मिलाकर कम से कम 26 बड़े हमलों की साजिश में शामिल




