विधानसभा में जल जीवन मिशन पर घमासान, विधायक राजवाड़े ने कहा – एक भी टंकी से पानी नहीं आ रहा, गड़बड़ियों की जांच होगी: Phe मंत्री अरुण साव

अमृत मिशन पर अपने ही विधायकों से घिरे मंत्री
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में मंगलवार को जल जीवन मिशन के कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला जोरदार ढंग से उठा। बैकुंठपुर से विधायक भैयालाल राजवाड़े ने कोरिया जिले में मिशन के तहत हुए कार्यों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि कई स्थानों पर टंकियों का निर्माण और भुगतान तो हो चुका है, लेकिन लोगों को अब तक पानी नहीं मिल रहा।
जवाब में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने बताया कि प्रदेश में स्वीकृत 928 जल टंकियों में से 751 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि 177 टंकियों का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि 447 टंकियों से जलापूर्ति भी शुरू कर दी गई है।
इस पर विधायक भैयालाल राजवाड़े ने दावा किया कि उनके क्षेत्र में एक भी टंकी से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल नल (टोटी) लगा दिए गए हैं और निर्माण एजेंसियों को भुगतान भी कर दिया गया है।
इस पर मंत्री अरुण साव ने सदन में स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी प्रकार की शिकायत या गड़बड़ी की जानकारी दी जाती है, तो उसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




