
रायपुर। राजधानी रायपुर में गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के केएम नंबर 827/24 बी पर हुई। ट्रैक पर पाइप रखे जाने के दौरान वहां से एक मालगाड़ी भी गुजर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। रेलवे ट्रैक पर इस तरह भारी लोहे की वस्तु रखे जाने से रेल परिचालन प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई की।मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174(सी) और 147 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जीआरपी पुलिस अब आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
ट्रैक पर पाइप रखना गंभीर अपराध
रेलवे ट्रैक पर जानबूझकर कोई वस्तु रखना बेहद गंभीर मामला है। इससे ट्रेन के पटरी से उतरने जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती है और यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो सकता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने किस उद्देश्य से रेलवे ट्रैक पर पाइप रखा था।
गुढ़ियारी पुलिस से भी मांगा सहयोग: अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से सहयोग मांगा है। घटना स्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा, वह मौके तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे उसकी मंशा क्या थी। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ अन्य संभावित सुराग भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।




