मंत्रालय कर्मचारियों के घरों पर पत्थरबाजी, 8 से 10 असामाजिक तत्वों ने मचाया उत्पात

रायपुर। नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों की कॉलोनी के पास शनिवार सुबह करीब 5 बजे असामाजिक तत्वों ने जमकर पत्थरबाजी की। इस घटना में करीब एक दर्जन घरों के शीशे टूट गए, जबकि आरोपियों के झुंड ने कई घरों के गेट तोड़ने की भी कोशिश की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और मंत्रालय कर्मचारियों व उनके परिवारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 8 से 10 आरोपियों का झुंड कॉलोनी में घुसा और एक के बाद एक कई मकानों को निशाना बनाया। अचानक हुई इस घटना से लोग डर के मारे घरों में ही दुबक गए। पीड़ितों का कहना है कि कॉलोनी के आसपास खुलेआम नशे का कारोबार और सेवन लंबे समय से चल रहा है, जिसकी शिकायत कई बार पुलिस से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पत्थरबाजी की घटना से आक्रोशित मंत्रालय कर्मचारियों ने थाने के सामने पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि अगर समय रहते सख्त कदम उठाए जाते, तो आज इस तरह की गंभीर घटना नहीं होती।
मंत्रालय कर्मचारियों ने प्रशासन से अपने परिवारों को सुरक्षा मुहैया कराने और इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पत्थरबाजी में शामिल सभी असामाजिक तत्वों की तत्काल पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल, इस घटना ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




