“तप, त्याग और राष्ट्रसेवा के 8931 दिन”, CM साय ने PM मोदी के योगदान को बताया प्रेरणादायी यात्रा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 8931 दिनों को “तप, त्याग और राष्ट्रसेवा की अद्भुत यात्रा” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की है।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह केवल समय का आंकड़ा नहीं, बल्कि भारत के प्रति उनके अखंड समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री मोदी का प्रत्येक क्षण “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को साकार करने और गरीब, पिछड़े व वंचित वर्ग की सेवा में समर्पित रहा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक, मोदी जी ने सुशासन और विकास की मजबूत नींव रखी है और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” आज 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति का प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने और भारत को आत्मनिर्भर व वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने की प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने इसे केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि देशवासियों के विश्वास, आशा और आकांक्षाओं का प्रतिबिंब बताया। साथ ही कामना की कि यह प्रेरणादायी यात्रा देश को नई ऊर्जा और दिशा देती रहे तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सेवा और राष्ट्रभक्ति का आदर्श स्थापित करे।




