छत्तीसगढ़

राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया

मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार दृढ़संकल्पित : CM साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जांजगीर में आयोजित ‘जनादेश परब’ के अवसर पर विशाल और ऐतिहासिक जनसभा में उमड़े जनसमर्थन के लिए प्रदेशवासियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसभा में देखने को मिला उत्साह लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की व्यापक स्वीकृति का सशक्त प्रमाण है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को सबसे बड़ा आशीर्वाद मातृशक्ति से प्राप्त होता है। माताओं और बहनों के स्नेह, विश्वास और समर्थन से ही सरकार को जनसेवा के लिए ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। इसी भावना से प्रेरित होकर राज्य सरकार ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री साय ने जनसभा में उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि ऐसे मार्गदर्शक विचार छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।

सेवा के पहले दो वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पहले वर्ष को ‘विश्वास वर्ष’ के रूप में समर्पित किया गया, जिसमें शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना सफलतापूर्वक हुई। पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सतत संवाद के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत किया गया।उन्होंने बताया कि सेवा का दूसरा वर्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाया गया। इस दौरान आधारभूत संरचना, सामाजिक विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण किए गए। इन उपलब्धियों का विस्तृत ‘रिपोर्ट कार्ड’ जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जो सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रतीक है।

महतारी गौरव वर्ष’ में माताएँ और बहनें होंगी केंद्र बिंदु

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘महतारी गौरव वर्ष’ के दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्रबिंदु माताएँ और बहनें होंगी। यह वर्ष मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिमा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प सिद्ध होगा।उन्होंने विश्वास जताया कि महतारी गौरव वर्ष के माध्यम से छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति के नेतृत्व, सहभागिता और सम्मान का एक नया अध्याय लिखा जाएगा, जो विकसित, समरस और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button