छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता 55% से बढ़ाकर 58%

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के अधिकारी–कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। विष्णु देव साय ने राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अष्टम प्रदेश अधिवेशन में यह महत्वपूर्ण घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राज्य के अधिकारी–कर्मचारियों को अब केंद्र सरकार के समान भत्ते दिए जाएंगे। इसके तहत महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों की भूमिका राज्य के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ है। उनकी मेहनत और समर्पण को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को अतिरिक्त राहत मिल सके।
राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के आर्थिक संबल को मजबूत करेगा और कार्यक्षमता में भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
सरकार के इस निर्णय से राज्य के लाखों अधिकारी–कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और उनकी मासिक आय में वृद्धि होगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।



