छत्तीसगढ़

सुकमा जिले में दो नक्सल स्मारक ध्वस्त, CRPF बटालियनों की बड़ी कार्रवाई

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की सख्त और लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग इलाकों में बनाए गए नक्सली स्मारकों को ध्वस्त कर नक्सल नेटवर्क को स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी तरह की प्रतीकात्मक या मनोवैज्ञानिक पकड़ को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

पहली कार्रवाई चिंतागुफा थाना क्षेत्र के कडतीपारा इलाके में की गई, जहां नक्सलियों द्वारा आधार स्तंभ से जुड़ा स्मारक बनाया गया था। इस स्मारक को CRPF की सेकेंड बटालियन के जवानों ने अभियान चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, यह स्मारक नक्सलियों द्वारा अपने प्रभाव और मौजूदगी दिखाने के उद्देश्य से बनाया गया था।

वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई सुकमा जिले के जग्गावरम इलाके में सामने आई, जहां सुरक्षाबलों ने एक और नक्सल स्मारक को तोड़ दिया। इस अभियान को CRPF की 50वीं बटालियन के जवानों ने अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि नक्सली स्मारक केवल संरचनाएं नहीं होतीं, बल्कि वे स्थानीय लोगों में डर और प्रभाव बनाए रखने का जरिया होती हैं। ऐसे स्मारकों को ध्वस्त करना नक्सलियों की मनोवैज्ञानिक रणनीति को कमजोर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

प्रशासन ने साफ किया है कि सुकमा और आसपास के नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डॉमिनेशन अभियान लगातार जारी रहेंगे। स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या सुरक्षा बलों को दें।गौरतलब है कि सुकमा जिला लंबे समय से नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा है, लेकिन हाल के महीनों में सुरक्षाबलों की आक्रामक रणनीति से नक्सल गतिविधियों में कमी देखी जा रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से यह संकेत मिल रहा है कि क्षेत्र में शांति और विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search