छत्तीसगढ़

संघ की 100 वर्षों की गौरवगाथा पर आधारित फिल्म ‘शतक’ छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में फिल्म देख कर की घोषणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित फिल्म शतक को छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित जोरा मॉल में फिल्म का विशेष प्रदर्शन देखा। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

फिल्म देखने के पश्चात मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘शतक’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, जनसेवा और समर्पण की सतत साधना का सजीव चित्रण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रेरक यात्रा जन-जन तक पहुँचे और विशेषकर नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा मिले, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने इस फिल्म को टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी के तप, त्याग और दूरदर्शी विचारों से प्रारंभ हुई संघ की यह यात्रा पूजनीय माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर जी के नेतृत्व में नई दिशा और संगठनात्मक शक्ति के साथ आगे बढ़ी। एक शताब्दी का यह इतिहास लाखों स्वयंसेवकों के अनुशासन, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना का जीवंत प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का कार्य किया है। आपदा, संकट और सामाजिक आवश्यकताओं के समय संघ कार्यकर्ताओं की सेवा भावना ने समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री साय ने यह भी कहा कि जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की यही भावना शासन के कार्यों में भी मार्गदर्शक बनती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फिल्म ‘शतक’ युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच और सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button