‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में हुए शामिल हुए CM साय

युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का अभिनव प्रयास है भजन क्लबिंग : CM साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज शाम राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भजन क्लबिंग युवाओं को अध्यात्म से जोड़ने का एक अभिनव, सकारात्मक और प्रेरणादायी प्रयास है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और देश व प्रदेश का भविष्य युवाओं के कंधों पर टिका है। ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा अध्यात्म से जुड़ते हैं, तो उनमें सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक मजबूत होती है।माधवास रॉक बैंड की संगीतमयी भजन प्रस्तुति से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। राधा-कृष्णमय माहौल में मुख्यमंत्री साय ने भी भक्तों के साथ फूलों की होली खेली और कार्यक्रम का आनंद लिया। इस आयोजन का सफल संचालन सामाजिक चेतना मंच द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के किसानों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और राज्य की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि से जुड़ी हुई है। सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है, जो किसानों के लिए एक बड़ा सहारा है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि आज प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है। उन्होंने कहा कि होली से पहले राशि मिलने से किसान परिवार उत्साह और आनंद के साथ त्योहार मना सकेंगे।कार्यक्रम में विधायकगण, सामाजिक चेतना मंच के पदाधिकारी, इस्कॉन रायपुर के संतगण तथा बड़ी संख्या में युवा एवं भक्तजन उपस्थित थे।




